दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ बढ़ेगा प्रदूषण, जाने कहां कैसा रहेगा मौसम
देश की राजधानी दिल्ली में भी अब ठण्ड का एहसास होने लगा है। साथ ही दिल्ली समेत एनसीआर में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भी ठंड दस्तक दे रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर भारत राज्यों में बारिश की अभी कोई संभावना नहीं है, हालांकि तापमान में गिरावट जरूर दर्ज की जाएगी। वहीं, देश में इस वक्त केवल दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है। तमिलनाडु, केरल, अंडमान-निकोबार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश बीते दिनों देखने को मिली है। वहीं 2 नवंबर तक इन इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। साथ ही मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को धुंध छाए रहने का अनुमान जाहिर किया है और दिन में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने रविवार को भी मौसम इसी तरह का बने रहने की जानकारी दी है। वहीं सोमवार से फिर से आसमान पूरी तरह साफ होने की संभावना जताई है।
