महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यूनाइटेड किंगडम जाएंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17-19 सितंबर 2022 को भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए लंदन जाएंगी। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। महारानी का अंतिम संस्कार 19 सितंबर को वेस्टमिंस्टर एब्बे में होगा। विदेश मंत्री एस. जयशंकर 12 सितंबर को यहां ब्रिटिश उच्चायोग गए और भारत की ओर से संवेदना जताई थी। महारानी के निधन पर भारत ने रविवार को एक दिन का राष्ट्रीय शोक भी घोषित किया था। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 70 साल के शासनकाल में, भारत और ब्रिटेन के संबंध काफी विकसित और प्रगाढ़ हुए हैं। राष्ट्रमंडल के प्रमुख के रूप में उन्होंने दुनिया भर के लाखों लोगों के कल्याण के लिए अहम भूमिका निभाई।
