दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी का शक्ति प्रदर्शन, पार्टी अध्यक्ष बनाने की उठी मांग
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की रैली में कार्यकर्ताओं की ओर से राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की मांग उठी है। महंगाई और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस ने आज रैली आयोजित की। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने 'राहुल गांधी जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए पोस्टर और बैनर दिखाकर राहुल को अध्यक्ष बनाने की मांग की है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता दीपेश सिंह ने कहा, ‘‘राहुल जी हमारे नेता हैं और उन पर हमें पूरा विश्वास है कि वह कांग्रेस का गौरव लौटाएंगे। उन्हें पार्टी का अध्यक्ष बनना चाहिए।’’ बता दें कि, पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के रूप में पार्टी की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। कांग्रेस की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 22 सितंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। इसके बाद 24 सितंबर से नामांकन दाखिल किए जाएंगे। अगर एक से अधिक उम्मीदवार हुए तो 17 अक्टूबर को मतदान होगा।
