Recap 2022 : इस साल वेटलिफ्टिंग में अर्जुन अवार्ड हासिल करने वाले देश के एकमात्र खिलाडी थे हिमाचल के विकास ठाकुर
इस साल अर्जुन अवार्ड के लिए देशभर से 25 नामी खिलाडिय़ों का चयन किया गया था। जिसमें वेटलिफ्टिंग में अर्जुन अवार्ड हासिल करने वालों में विकास ठाकुर देश के एकमात्र खिलाड़ी हैं। करीब आठ साल के बाद वेटलिफ्टिंग में इस बार अर्जुन अवार्ड मिला है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के पटनौण के रहने वाले 29 वर्षीय विकास ठाकुर की इस उपलब्धि ने प्रदेश के साथ-साथ देश का माथा भी गर्व से ऊंचा किया। हमीरपुर जिला के पटनौण निवासी विकास ठाकुर ने लगातार तीसरे कामनवेल्थ गेम्स में पदक जीता। भारोत्तोलक विकास ने 96 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 346 किलोग्राम भार उठाकर रजत हासिल किया। इससे पहले 2018 में गोल्ड कोस्ट कामनवेल्थ में कांस्य पदक जीता था, जबकि 2014 के ग्लास्गो में हुई कामनवेल्थ गेम्स में भारत को रजत पदक दिला चुके हैं। विकास मौजूदा समय में लुधियाना में रहते हैं। लेकिन उनका पैतृक गांव हमीरपुर जिला के टौणी देवी में स्थित है। विकास ठाकुर भारतीय वायु सेना में सेवारत हैं। वायुसेना में नौकरी के साथ वह देश के लिए खेलते भी हैं।