मुंबई में सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का होगा RT-PCR टेस्ट, कोरोना की बढ़ती रफ्तार के चलते लिया गया फैसला
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुंंबई महानगरपालिका ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए रैपिड आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य कर दी है। संशोधित दिशा निर्देशों से यह जानकारी मिली है. बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले हफ्ते जारी किए गए दिशा निर्देश सोमवार से लागू हो गए हैं। संशोधित आदेश में कहा गया है कि रैपिड आरटी-पीसीआर जांच में संक्रमित पाए जाने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को हवाई अड्डे पर ही नियमित आरटी-पीसीआर जांच करानी होगी। अगर वे उसमें भी संक्रमित पाए जाते हैं तो नमूने को तुरंत जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा जाएगा और यात्री को संस्थागत क्वारंटीन में भेजा जाएगा। गौरतलब है कि मुंबई में बढ़ते हुए कोविड केसों के बीच मुंबई महानगर पालिका मुंबईवासियों को एक और कोविड लहर से बचाने के लिए अलग-अलग निर्णय ले रहा है। इसी क्रम में उसने इससे पहले कोविड समस्या से निपटने के लिए BMC ने आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का सात दिन का अपने घर में क्वारंटीन अनिवार्य कर दिया था।
