डॉलर के मुकाबले कमजोरी के साथ 79.60 पर खुला रुपया
विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के चलते रुपया आज शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 24 पैसे टूटकर 79.69 पर आ गया है। इंटरबैंक फॉरेन करेंसी एक्सचेंज मार्केट में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 79.60 पर खुला है। इसमें 15 पैसे की गिरावट के साथ शुरुआत हुई थी क्योंकि कल रुपया 79.45 पर बंद हुआ था। आज के कारोबार में आगे बढ़ने के साथ रुपया पिछले बंद भाव 79.45 के मुकाबले 24 पैसे की गिरावट दर्ज करते हुए 79.69 के भाव पर आ गया है और ऊपर में इसने 79.58 के लेवल दिखाए थे। रुपये में गिरावट के पीछे आज घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली और विदेशी फंड्स की निकासी को कारण माना जा रहा है। रुपया बुधवार को 29 पैसे की तेजी के साथ डॉलर के मुकाबले 79.45 पर बंद हुआ था। कल की तेजी का कारण घरेलू शेयरों में भारी लिवाली और विदेशी पूंजी निवेशकों का लगातार निवेश जारी रहना था जिसके चलते निवेशकों का सेंटीमेंट और मजबूत हुआ।
