हिमाचल के पर्यटन स्थलों में हुआ सीज़न का पहला हिमपात
हिमाचल के मनाली, नारकंडा, शिकारी देवी व बिजली महादेव में बीते 24 घंटे के दौरान इस सीजन का पहला हिमपात हुआ है। वहीं मैदानी इलाकों में विंटर सीजन की पहली बारिश हुई। हिमाचल समेत उत्तराखंड और कश्मीर घाटी में ताजा बर्फबारी के बाद पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश में मंगलवार और बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। 17 और 18 नवंबर को फिर बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि पहाड़ों पर ताजा हिमपात के बाद उत्तर भारत में धुंध छाने से विजिबिलिटी कम होगी। उन्होंने बताया कि उत्तर भारत के ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे आ जाएगा। इससे सुबह व शाम के वक्त ठंड से बचने के लिए लोगों को आग जलाने की नौबत आएगी। वहीं प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच सोमवार को मनाली शहर, शिमला के नारकंडा, हाटू पीक, मंडी की शिकारी देवी, कमरूनाग और कुल्लू के बिजली महादेव में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। प्रदेश की चोटियां और कई रिहायशी इलाके बर्फ से लकदक हो गए हैं।
