वीकेंड पर शिमला-मनाली पैक, सड़कों पर लगा जाम; सर्कुलर रोड पर रेंगते रहे वाहन
हिमाचल प्रदेश में गांधी जयंती के बाद बने लॉन्ग वीकेंड पर पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को शिमला और मनाली समेत प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और अन्य मैदानी राज्यों से पर्यटक छुट्टियां मनाने पहाड़ों का रुख कर रहे हैं।
शिमला में शनिवार सुबह से ही सर्कुलर रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। लिफ्ट के पास पार्किंग सुबह करीब 11 बजे तक भर गई और वाहनों की कतारें लिफ्ट से टॉलैंड तक पहुंच गईं। विधानसभा से बालूगंज के बीच भी ट्रैफिक प्रभावित रहा और वाहन धीमी गति से चलते नजर आए।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी दिखाई दिया। मालरोड और रिज मैदान में दिनभर चहल-पहल रही। होटलों में भी ऑक्यूपेंसी बढ़ी है। शुक्रवार को शिमला में होटल ऑक्यूपेंसी करीब 70 फीसदी रही और शनिवार को इसके और बढ़ने की उम्मीद जताई गई।
उधर, मनाली में भी पर्यटकों की भारी आमद के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। रिपोर्टों के अनुसार शनिवार को मनाली में 4,000 से अधिक पर्यटक वाहन पहुंचने की बात सामने आई है, जिससे कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ।
शुक्रवार रात मनाली और आसपास के मार्गों पर भी भारी जाम की स्थिति बनी। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से शहर के होटल भी पैक होने लगे हैं। वहीं परवाणू में भी शुक्रवार को करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लगा था, जिससे हिमाचल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी हुई।
हालांकि, पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल, रेस्तरां, टैक्सी और अन्य पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। लंबे समय बाद पर्यटन स्थलों पर बढ़ी भीड़ को कारोबार के लिए राहत के तौर पर देखा जा रहा है।
