शिमला : राजीव गांधी के आदर्श व कार्यो से सीख लेने की आवश्यकता - संजय दत्त
शिमला : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी सजंय दत्त ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि उन्हें राजीव गांधी के आदर्श व कार्यो से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से सोनिया गांधी, राहुल गांधी पार्टी की मजबूती के लिए कार्य कर रहें है, उसी मजबूती के साथ हम सबको कार्य करना है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भारत रत्न राजीव गांधी की 77वीं जयंती के अवसर पर आयोजित सेमिनार को सम्बोधित करते हुए दत्त ने कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल मे उनके निर्णयों से देश मजबूत हुआ है। देश की प्रगति में गांधी परिवार का बहुत बड़ा हाथ रहा है। दत्त ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता और अंखडता के लिए अपना बलिदान दिया और हमें इस बलिदान को याद रखते हुए उनके पदचिन्हों पर चलना है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह कांग्रेस के 70 सालों का हिसाब मांग रही है, जबकि उन्होंने सात साल के अपने इस कार्यकाल में देश की सम्पतियों को बेच दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ससंद के अंदर कांग्रेस के किसी भी सवाल पर चर्चा नही करती। उन्होंने कहा की देश की समस्याओं, किसानों की मांगों से मोदी सरकार भाग रही है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। दत्त ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस एकजुटता के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने आज राजीव गांधी की जयंती पर प्रदेशभर में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि जो एकता की विरासत प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह छोड़ गए है, उसी विरासत को मजबूत करते हुए सभी को आगे बढ़ना है। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सेमिनार की अध्यक्षता करते हुए राजीव गांधी के साथ बिताए अपने पलो को याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी विलक्षण प्रतिभा के व्यक्ति थे। उनकी सोच युवाओं को आगे बढ़ाने और देश को एकजुट रखने के साथ साथ सभी के समान अधिकारों की पक्षधर थी। राठौर ने कहा कि 1982 में जब राजीव गांधी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव बने और उन्हें युवा व एनएसयूआई का प्रभार दिया गया तो उनसे समय समय पर उनका सीधा संवाद होता था, क्योंकि वह उस समय प्रदेश में एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष थे। उन्होंने कहा कि उनकी दर्दनाक हत्या के बाद कांग्रेस में जो शून्य पैदा हुआ वह आज दिन तक नही भरा जा सका है। राठौर ने कहा कि राजीव गांधी देश मे एक समान शिक्षा नीति के पक्षधर थे। इसी उद्देश्य के लिए उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना की। देश मे कम्प्यूटर क्रांति, आई टी क्रांति उन्ही की देन है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि आज सोनिया गांधी, राहुल गांधी मजबूती के साथ पार्टी को आगे बढ़ा रहें है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के इतिहास से छेड़छाड़ कर अपनी राजनैतिक रोटियां सेंक रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने राजीव गांधी के नाम से दिया जाने वाले खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि वह लोगों के दिलों से उनके नेताओं का नाम नही मिटा सकते।
कांग्रेस उपाध्यक्ष विधायक रामलाल ठाकुर ने इस दौरान कहा कि पहाड़ी राज्यों विशेषकर हिमाचल के विकास में ग़ांधी परिवार का बहुत बड़ा हाथ है। राजीव गांधी को अपनी श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि वह गरीबों, दलितों के मसीहा थे। देश मे आई टी क्षेत्र हो महिलाओं के अधिकार पंचायती राज संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण राजीव गांधी ने ही दिया था।
सेमिनार को पूर्व विधायक आदर्श सूद, शर्मिला पटियाल, डॉ.मस्त राम शर्मा व डॉ.दलीप सिंह धीमान ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सेमिनार में उपस्थित सभी लोगों को देश की एकता और अंखडता कायम रखने के प्रति शपथ भी दिलवाई।
