शिवमय हुई छोटी काशी मंडी, निकली जलेब
मंडी. आज महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है। प्रदेश भर के शिवालयों में सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है। सुबह से शिव दर्शन के लिए मंदिर के बाहर कतारों में श्रद्धालु ओम नम: शिवाय के जयकारों का उदघोष करते हुए पहुंचे। जिला प्रशासन की ओर से करीब आठ बजे बाबा भूतनाथ को महाशिवरात्रि का निमंत्रण दिया गया। डीसी मंडी ने पूजा-अर्चना कर यज्ञ में पूर्णाहुति डाली। इससे पहले उन्होंने टारना माता और माधोराय मंदिर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद बाबा भूतनाथ मंदिर तक देव ध्वनी की धुनों पर छोटी जलेब निकाली गई। छोटी जलेब में प्रमुख देवी-देवता शुकदेव ऋषि थट्टा, देव डगांडू, देव झाथी वीर के रथ के साथ पुलिस बैंड, पुलिस दल, होमगार्ड के जवान और पुलिस के घोड़े भी शामिल हुए। बड़ादेव कमरुनाग के आगमन के साथ सोमवार को छोटी काशी मंडी में महाशिवरात्रि मेले के कारज शुरू हो चुके हैं। मंडी शिवरात्रि का शुभारंभ दो मार्च को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे, जबकि आठ मार्च को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मेले का समापन करेंगे।
