दिल्ली में अब तक डेंगू से छह लोगों की हुई मौत, कुल मामले 1530 के पार
राजधानी दिल्ली में डेंगू का प्रकोप जारी हैं। पांच लोगों की मौत के बाद इस बीमारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई हैं। अभी तक 1530 से अधिक मामले रिकॉर्ड किये जा चुके हैं। नगर निकाय की ओर से सोमवार को जारी की गई एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। दिल्ली में इस साल सामने आए कुल मामलों में से अक्टूबर में ही 1196 मामले सामने आए। दिल्ली में 30 अक्टूबर तक डेंगू से छह लोगों की मौत हुई और कुल 1537 मामले सामने आए है, जोकि 2018 में इस अवधि में सामने आए मामलों के बाद से सर्वाधिक है। इस साल, सितंबर में डेंगू के 217 मामले सामने आए थे, जो कि पिछले तीन साल में इस महीने में सामने आए सर्वाधिक मामले थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू की स्थिति की समीक्षा करने के लिए सोमवार को दिल्ली सरकार के साथ एक बैठक करेंगे। इस दौरान वह इस पर चर्चा करेंगे कि डेंगू के मामलों में वृद्धि पर नियंत्रण पाने में केंद्र किस प्रकार दिल्ली सरकार की सहायता कर सकता है। बैठक में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
