सोलन: मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के तहत 1350 मामले स्वीकृत | Solan News
मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना-2019 में संशोधन कर इसमें 18 नई गतिविधियां शामिल की गई है। योजना के तहत गतिविधियों की संख्या बढ़कर 103 हो गई है। यह जानकारी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत सप्तक कलामंच के कलाकारों द्वारा दून विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत नालका तथा हरिपुर संडोली में आयोजित कार्यक्रमों में दी। कलाकारों ने बताया कि योजना के तहत लघु सेवा व व्यवसायिक उद्यमों की सूची में परिरक्षित चारा (साइलेज) इकाइयों की स्थापना, उन्नत डेयरी विकास परियोजना (10 गाय या भैंसों की एक इकाई), दूध और दुग्ध उत्पादों के लिए कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं की स्थापना, फार्म स्टे तथा एग्रो पर्यटन व फार्म पर्यटन, कृषि के लिए खुदरा दुकानों का निर्माण, कृषि उपकरणों व औजारों का निर्माण, सब्जी नर्सरी तैयार करना, ऊत्तक संवर्द्धन प्रयोगशाला, कृषि उत्पादों का भण्डारण और परिवहन, इन्टरनेट ऑफ थिंग्ज आधारित वर्टिकल फार्मिंग, पेट्रोल पम्प, ईवी चार्जिंग स्टेशन, एम्बुलेंस, रेशम प्रसंस्करण इकाई, रेशम रीलिंग इकाइयां, ऑक्सीज़न क्रायोजेनिक टेंकर सेवाएं, सर्वेयर यूनिट और ड्रिलिंग यूनिट शामिल की गई हैं। कलाकारों ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना-2019 के तहत आवेदन करने वाली महिलाओं के लिए ऊपरी आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने का भी निर्णय लिया गया है। योजना के तहत अभी तक 1350 मामले बैंकों द्वारा स्वीकृत किए जा चुके हैं। कलाकारों ने बताया कि ज़िला उद्योग केन्द्र सोलन लाभार्थियों को उपदान के रूप में 13.57 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा प्रायोजित विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को बताया गया कि निगम द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से लघु अवधि के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं जिनसे युवा स्वरोज़गार अपना सकते हैं। पूजा कलामंच बाड़ीधार के कलाकारों ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बैरछा तथा गोलजमाला के गांव नंगल उपरला में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। शिव शक्ति कलामंच के कलाकारों द्वारा अर्की विधानसभा क्षेत्र में अखिल भारतीय पैंशनर्ज के कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार किया गया। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के कर्मचारियों तथा पैंशनरों के लिए कई कल्याणकारी कदम उठाए गए हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा अनुबन्ध कर्मचारियों के लिए अनुबन्ध कार्यकाल 03 वर्ष से घटाकर 02 वर्ष किया है तथा कर्मचारियों को नया वेतनमान प्रदान करने की घोषणा की है। कलाकारों ने समूह गान ‘विकास की राह पर क्षितिज की ओर चल रहा हिमाचल बढ़ रहा हिमाचल’ के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्राम कौशल योजना, मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन, सामाजिक सुरक्षा पैंशन, जनमंच, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री सहारा योजना तथा हिमकेयर योजना की जानकारी प्रदान की। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें।
Solan Himachal News
