सोलन : नगर निगम की हुई अहम बैठक में कांग्रेस के 5 पार्षद रहे नदारद
सोमवार को हुई सोलन नगर निगम की आम बैठक में पानी का बिल सस्ता करने और दुकानों के सबलेटिंग का मुद्दा सबसे ज्यादा गरमाया। इसके अलावा रिटेंशन पॉलिसी और विकास कार्यों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। बैठक से कांग्रेस के 5 पार्षद नदारद रहे। इनमें से 4 वही पार्षद हैं, जो विधानसभा चुनाव से पहले अपनी ही पार्टी के मेयर और डिप्टी मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वालों पार्षदों में शामिल थे। इसके बावजूद भाजपा के पार्षदों के बैठक में आने से कोरम पूरा हो गया। बैठक में भाजपा के पार्षद शैलेंद्र गुप्ता ने पानी के बिल का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है तो नगर निगम को लोगों को सस्ता पानी देने का वादा पूरा करना चाहिए। बैठक में सब लेटिंग का मामला भी उठा। इस पर तय हुआ कि ऐसा करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं बैठक के बाद नगर निगम की मेयर पूनम ग्रोवर ने कहा कि बैठक में पानी के मुद्दे पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि बिल कम करने के मामले में नगर निगम ने प्रस्ताव सरकार को भेजा है। अभी तक इस प्रस्ताव को रिजेक्ट नहीं किया गया है, यानी यह प्रस्ताव अभी भी सरकार के पास पेडिंग है। सोलन नगर निगम ने पानी का बिल कम करने का प्रस्ताव 3 बार प्रदेश सरकार को भेजा था, लेकिन मंजूर नहीं किया गया। अब प्रदेश में कांग्रेस सरकार आई है और निगम पर भी इसी पार्टी का कब्जा है तो अब उम्मीद है कि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिले। उन्होंने कहा कि दुकानों के सबलेटिंग के मामलों की भी जांच हो रही है।
वहीं नगर निगम ने अपने दायरे में आने वाले वार्डों में प्रॉपर्टी टैक्स तय करने को लेकर विचार करवाया है। इसमें शहर को जोन के आधार पर बांटा गया है और अलग-अलग क्षेत्रों का टैक्स उस क्षेत्र के अनुसार तय किया गया है। इसमें बिल्डिंग के पूरे स्ट्रक्चर के अनुपात में टैक्स लगेगा। जनरल हॉउस में नगर निगम की आय बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की गई। निगम को अपने आय के साधन जनरेट करने हैं, ताकि वह अपने वादे के अनुसार सस्ता पानी देने जैसे वादे पूरे कर सके। इसके लिए होर्डिंग्स को किराये पर देने की नीति पर भी चर्चा की गई।