सोलन: सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग का विशेष प्रचार अभियान शुरू | Solan News
ग्राम पंचायत मंधाला, कालूझिंडा, चिल्लड़, बहेड़ी, डूमैहर तथा सानण में कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में प्रदेश सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष प्रचार अभियान आरम्भ हुआ। विशेष प्रचार अभियान के अन्तर्गत सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई। आम जन को कोविड-19 से बचाव तथा नशा निवारण के प्रति भी जागरूक किया गया। सप्तक कलामंच के कलाकारों द्वारा दून विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत मंधाला तथा कालूझिंडा, पूजा कलामंच बाड़ीधार के कलाकारों द्वारा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चिल्लड़ तथा बहेड़ी में लोगों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत करवाया गया।
शिव शक्ति कलामंच के कलाकारों द्वारा अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डूमैहर तथा सानण में गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। कलाकारों ने समूह गान ‘विकास की राह पर क्षितिज की ओर चल रहा हिमाचल बढ़ रहा हिमाचल’ के माध्यम से मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन, सामाजिक सुरक्षा पैंशन, जनमंच, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री सहारा योजना तथा हिमकेयर योजना की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 आरम्भ की गई है। यह हेल्पलाइन रविवार को छोड़कर सप्ताह के 06 दिन सुबह 7.00 बजे से रात 10.00 बजे तक कार्य कर रही है। लोग इस हेल्पलाइन पर अपनी किसी भी प्रकार की समस्या को दर्ज करवा सकते हैं।
कलाकारों द्वारा इस अवसर पर नशा निवारण के साथ-साथ कोविड-19 नियमों के विषय में भी जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा आवश्यक सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मंधाला के प्रधान लता देवी, पंचायत सचिव सुरेश कुमार, वार्ड सदस्य पूनम देवी सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Solan Himachal News
