छोटे दलों के साथ गठबंधन कर आगामी विधानसभा चुनाव लडे़गी सपा: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिये राष्ट्रीय लोकदल और शिवपाल यादव की पार्टी सहित कई छोटी पार्टियों के साथ सपा का गठबंधन होगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही कृषि क्षेत्र में लायें गये तीनों कानूनों को उत्तर प्रदेश में लागू नहीं किया जायेगा व इसके अलावा मंडी नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा।अखिलेश यादव ने कहा, आरएलडी और समाजवादी पार्टी का लोकसभा चुनाव में भी गठबंधन था। आने वाले विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां साथ लडेंगी। इसके साथ-साथ और भी दल हैं जैसे महान दल हैं, संजय चौहान का दल हैं व और भी दलों से बातचीत हो रही है। वे भी सपा के साथ आयेंगे और हम सब मिलकर लडेंगे। सीटों के बारे में भी बातचीत हो गयी है लेकिन अभी उसका खुलासा नहीं करेंगे।
सपा अध्यक्ष ने गठबंधन की रणनीति के बारे में कुछ भी खुलासा करने से इंकार कर दिया है। अखिलेश ने अपने चाचा शिवपाल यादव के साथ गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उनके साथ भी होगा। कुछ चीजें हम लोगों पर छोड़ दीजिये। आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के बारे में पूछने पर अखिलेश ने कहा कि उन्होंने 403 सीटों पर या कुछ एलान किया है। उन्होंने अपनी कुछ सूची भी जारी कर दी है.'' कांग्रेस पार्टी के साथ किसी गठबंधन के सवाल को उन्होंने टालते हुये कहा कि समाजवादी पार्टी केवल छोटे दलों के साथ गठबंधन कर आगामी विधानसभा चुनाव लडे़गी। 2022 का चुनाव प्रदेश को नयी सरकार मिलने का चुनाव होगा, साढ़े चार साल में यूपी ने देखा है कि किस तरीके से राज्य को पीछे ले जाया गया है।
