जम्मू-कश्मीर में नए साल के मौके पर माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़, 12 लोगों की हुई मौत
जम्मू-कश्मीर में नए साल के मौके पर माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़ मच गई। इस हादसे में अबतक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालो में दो महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। भगदड़ की घटना के बाद कटरा में माता वैष्णो देवी भवन में रजिस्ट्रेशन फिर से शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा है कि वह माता वैष्णो देवी तीर्थ पर त्रासदी से उत्पन्न स्थिति का जायज़ा लेने के लिए कटरा जाएंगे। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि मरने वाले लोग यूपी और हरियाणा के रहने वाले हैं।
