7 फरवरी को अनशन पर बैठेंगे मानव भारती विश्व विद्यालय के विद्यार्थी
मानव भारती विश्व विद्यालय में फर्जी डिग्री मामले के बाद विश्व विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के रिकॉर्ड पुलिस के पास है। वर्तमान में विश्व विद्यालय में पढ़ाई कर रहे और पढ़ाई पूरी कर चुके करीब 3000 विद्यार्थियों में डिग्रियां न मिलने से खासा रोष है। ऐसे में डिग्रियां न मिलने के विद्यार्थियों ने आंदोलन का रुख अपनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी के चलते सात फरवरी को विवि प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद एसपी कार्यालय सोलन के बाहर विद्यार्थियों ने एक दिन अनशन करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को विद्यार्थी संघ ने बैठक का आयोजन भी किया। जानकारी के अनुसार पुलिस ने वर्ष 2009 से 2019 तक तमाम रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया था। इसी वजह से विद्यार्थियों की डिग्री समेत मार्कशीट न मिलने के कारण नौकरी सहित उनके अन्य कार्य भी नहीं कर पा रहे हैं। मानव भारती विवि के स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमन आनंद ने कहा कि सभी विद्यार्थियों ने निर्णय लिया है कि वह एक दिन अनशन पर बैठेंगे। पिछले दो वर्षों से विद्यार्थी अपने रिकॉर्ड बहाल करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थी मानसिक परेशानी से गुजर रहे हैं। विद्यार्थी डिग्री के बिना न तो कोई काम कर सकते हैं, न ही आगे की पढ़ाई के लिए वह किसी शिक्षण संस्थान में अप्लाई कर सकते हैं।
