शिक्षा के साथ अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाएं विद्यार्थी : स्वास्थ्य मंत्री
विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपना कर अच्छे नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय अधिकारिता, तथा सैनिक कल्याण मंत्री गत दिवस स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओच्छघाट के चार विद्यालयों के समूह के वार्षिक पारितोषिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे ।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है जिसे शिक्षकों और अभिभावकों की प्रेरणा से उसकी प्रतिभा को पहचान कर उसे सही दिशा और अवसर प्रदान किया जाना आवश्यक है । उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संस्कारी और जागरूक नागरिक बनना भी है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन को स्वर्णिम काल भी कहा जाता है । यह समय जीवन में दोबारा नहीं आता। प्रत्येक विद्यार्थी को हर विषय में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए तथा अपनी कमियों को पहचान कर उसमें सुधार करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से आवाह्न किया कि वे अपने माता-पिता का सम्मान करें, शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक और खेलकूद स्पर्धाओं मे उत्कृष्ट रहे विद्यार्थियों को पारितोषिक भेंट कर सम्मानित भी किया ।
शांडिल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए विद्यालय को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की ।
प्रधानाचार्य उत्कृष्ट विद्यालय ओच्छघाट रेणु चन्देल ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और विद्यालय से संबंधित समस्याओं को मुख्यातिथि के समक्ष रखा ।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ साथ एन. सी. सी. छात्रों द्वारा भव्य परेड का भी आयोजन किया गया । मुख्यातिथि ने परेड का निरीक्षण किया ।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस समिति पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, पूर्व प्रधानाचार्य डाइट गीतांजलि कश्यप, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन हिमाचली, उपप्रधान ग्राम पंचायत औच्छघाट प्रवीण, बी. डी. सी. सदस्य पूनम शर्मा, पूर्व प्रधान एवं बी. डी. सी. सदस्य औच्छघाट सोमदत्त शर्मा, पूर्व प्रधान बलदेव ठाकुर, बी. सी. सी. सोलन अध्यक्ष अमित ठाकुर, उपनिदेशक उच्च शिक्षा मधु जनारथा, संधीरा सीनू सिंह, बी एम ओ सायरी अजय, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह, सहित अध्यापक, अभिभावक व छात्र उपस्थित रहे।
