टी 20 वर्ल्ड कप : रविवार को साउथ अफ्रीका के साथ होगा भारतीय क्रिकेट टीम का मुकाबला
भारतीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप में पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में रविवार को साउथ अफ्रीका से भिड़ने जा रही है। पर्थ का विकेट तेज गेंदबाजों के मुफीद माना जाता है। तेज गेंदबाज यहां अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर अपनी रफ्तार का नमूना पेश करेंगे। टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप से एक सप्ताह पहले यहीं पर अपना ट्रेनिंग कैंप लगाया था। भारत ने पर्थ में ही वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो प्रैक्टिस मैच खेले थे ताकि उसके बल्लेबाज और गेंदबाज बाउंसी और तेज पिचों से अपना सामंजस्य बैठा सके। गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत लगातर दो मैच जीत चुकी है। भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान से था। वहीं दूसरे मैच में भारत ने नीदरसलैंड को पटखनी दी थी। भारत आगे भी इसी तरह अपनी जीत का सिलसिला जारी रखती है, यह देखना रोचक होगा।
