देश के निर्यात में बीते महीने दर्ज की गई गिरावट
देश के निर्यात में बीते महीने गिरावट दर्ज की गई है और आयात बढ़ गए हैं। इसका असर व्यापार घाटे पर देखने को मिल रहा है। भारत का निर्यात पिछले साल के सितंबर महीने के 33.81 अरब डॉलर की तुलना में 3.52 फीसदी घटकर इस साल सितंबर में 32.62 अरब डॉलर का रह गया। वहीं व्यापार घाटा बढ़कर 26.72 अरब डॉलर हो गया है।
वाणिज्य मंत्रालय ने सोमवार को इस संबंध में प्राथमिक आंकड़ा जारी किया। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक हालांकि देश का आयात पिछले साल के सितंबर महीने के 56.29 अरब डॉलर से 5.44 फीसदी बढ़कर इस साल सितंबर में 59.35 अरब डॉलर तक पहुंच गया। देश के निर्यात में बीते महीने गिरावट रही जबकि आयात के आंकड़े में इजाफा देखा गया है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022-23 में अप्रैल-सितंबर के दौरान निर्यात 15.54 फीसदी बढ़कर 229.05 अरब डॉलर हो गया। इस अवधि में आयात 37.89 फीसदी बढ़कर 378.53 अरब डॉलर हो गया। साल के पहले छह महीनों में जहां देश का निर्यात बढ़ा है वहीं आयात इससे ज्यादा ऊंचे स्तर पर रहा है जिसके चलते व्यापार घाटे के आंकड़े में भी इजाफा दर्ज किया गया है।