नोटों की गड्डी से खचाखच भरी अलमारी की तस्वीर इंटरनेट पर हुई वायरल, जानिए पूरा मामला
आयकर विभाग के छापे की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर में एक अलमारी दिखाई दे रही है लेकिन ये सामान्य नहीं है बल्कि उसमें 142 करोड़ से ज्यादा की नकदी ठूंस-ठूंस कर रखी गई है। नोटों की गड्डी से भरी अलमारी की इस तस्वीर को देखकर इंटरनेट यूजर झूम रहे हैं। दरअसल, आयकर विभाग ने 550 करोड़ बेहिसाब संपत्ति के खुलासा करने का दावा किया है और बताया कि 6 अक्टूबर को की गई छापेमारी के दौरान हैदराबाद की प्रमुख दवा कंपनी से आय का स्रोत नहीं बताने पर 142.87 करोड़ रुपये जब्त कर लिए गए। आधिकारिक बयान में आयकर विभाग ने कहा कि फार्मास्युटिकल समूह मध्यवर्ती बनाने में शामिल है।
लिहाजा नोटों से भरी अलमारी का मामला सामने आने के बाद तस्वीर इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई। लोग अपने-अपने हिसाब से रिएक्शन देने में जुट गए। वहीं आयकर विभाग ने बयान में आगे कहा कि कंपनी के ज्यादातर प्रोडक्ट्स संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप, दुबई और अफ्रीकी देशों को निर्यात किए जाते हैं। हालांकि उसने फार्मास्युटिकल समूह के नाम का खुलासा नहीं किया, लेकिन मीडिया रिपोर्ट बताती है कि छापेमारी की कार्यवाही हेटेरो ड्रग्स के यहां की गई थी। हेटेरो ड्रग्स रेमडेसिवीर इंजेक्शन का जेनेरिक वर्जन भारत में लॉन्च करने वाली पहली दवा कंपनी है।
