हिमाचल और उत्तराखंड की साझा देव संस्कृति आध्यात्मिक एकता का प्रतीक: राज्यपाल
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पशमी गांव में श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज के पावन मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव के स्वरूप में पूजनीय श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज सत्य, न्याय, धर्म और लोक कल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि देवता के गांव भ्रमण की अनूठी परंपरा समाज में सौहार्द, पारस्परिक सम्मान और सामूहिक आस्था की भावना को दर्शाती है।
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की साझा देव संस्कृति को भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक एकता का अनुपम उदाहरण बताया, जो भौगोलिक सीमाओं से परे आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत के साथ विकास’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत आधुनिक विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर होने के साथ-साथ अपनी गौरवशाली सभ्यतागत, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिला रहा है।
धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को सतत विकास के दृष्टिकोण से आगे बढ़ाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है।
