देश के उत्तरी राज्यों में बिगड़ सकता है मौसम, जानिए आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के चलते देश के उत्तरी राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस सप्ताहांत जम्मू, लद्दाख, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छुटपुट रूप से हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा गुरुवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार हिमालय में एक नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका शुक्रवार से देश के उत्तरी राज्यों पर असर पड़ेगा। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बारिश होगी। शुक्रवार व शनिवार को इसका प्रभाव ज्यादा नजर आएगा। पहाड़ों पर बर्फबारी होगी तो समीपवर्ती मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। आईएमडी ने कहा कि जम्मू, लद्दाख, कश्मीर, पीओके के गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जबकि, उत्तराखंड में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
