देश में चावल के उत्पादन में आ सकती है बड़ी गिरावट
आने वाले दिनों में गेंहू के बाद देश में चावल के उत्पादन में भी बड़ी गिरावट आ सकती है। जिसके चलते मौजूदा खरीफ सीजन में चावल के उत्पादन में 10 से 12 मिलियन टन की कमी आ सकती है। यही वजह है कि केंद्र सरकार ने गैर-बासमती चावल के एक्सपोर्ट पर 20 फीसदी एक्सपोर्ट टैक्स लगा दिया है तो टूटे हुए चावल के एक्सपोर्ट पर पूरी तरीके से रोक लगा दी गई है। खाद्य सचिव सुधांशु पांडे ने कहा कि चार राज्यों में सूखे की समस्या के साथ दूसरे फसलों की तरफ किसानों के रुझान के चलते खरीफ सीजन में 10 से 12 मिलियन उत्पादन कम रह सकता है। गौरतलब है कि गुरुवार को सरकार ने गैर-बासमती चावल निर्यात पर 20 फीसदी एक्सपोर्ट टैक्स लगा दिया था। 9 सितंबर, 2022 यानि आज से ये फैसला लागू हो चुका है। वित्त मंत्रालय के अधीन डिपार्टमेंट ऑफ रेवेन्यू ने ये जानकारी दी है। खाद्य आपूर्ति मंत्रालय के सिफारिशों के बाद सरकार ने ये फैसला लिया है। खाद्य आपूर्ति मंत्रालय ने पीडीएस और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के लिए प्रर्याप्त स्टॉक रखने के लिए चावल के एक्सपोर्ट पर टैक्स लगाने की सलाह दी थी।
