नए साल की शुरुआत में बदल गए ये नियम
कोरोना महामारी के बीच नए साल 2022 का स्वागत किया जा रहा है। नए साल के मौके पर कई बदलाव भी हुए जिसमें से कुछ बदलाव सीधे तौर पर आम आदमी की जेब पर असर डालेंगे। 1 जनवरी 2022 से ATM से पैसे निकालना महंगा हो गया है। इसके साथ ही GST को लेकर भी कुछ बदलाव किए गए। जूते चप्पल भी महंगे हो गए। देश के ग्राहकों के लिए ATM से ट्रांजैक्शन करना अब महंगा हो गया है। RBI ने एटीएम से फ्री ट्रांजैक्शन के बाद कैश निकासी पर लगने वाले चार्ज को बढ़ाने की मंजूरी दी थी। बैंक 1 जनवरी 2022 से पहले तक ग्राहकों से 20 रुपए प्रति ट्रांजैक्शन का चार्ज वसूल कर रहे थे। RBI के मुताबिक, बैंक अब फ्री ट्रांजैक्शन के बाद अपने ग्राहकों से हर ट्रांजैक्शन पर 20 की जगह 21 रुपए चार्ज ले सकेंगे। वंही, नए साल पर लोग शौक से गाड़ी खरीदते हैं लेकिन इस बार ग्राहकों को गाड़ी खरीदना महंगा पड़ेगा। देश की कई ऑटो कंपनियां कारों के अलग-अलग मॉडलों के दामों में इजाफा करने जा रही है। मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki), फोक्सवैगन और वोल्वो की गाड़ियां 1 जनवरी से महंगी हो गई हैं।
जूते और चप्पल पर अब 5 फीसदी के बदले अब 12 फीसदी जीएसटी लगेगा। जूतों के साथ-साथ कपड़ों पर भी जीएसटी बढ़ाने की योजना थी लेकिन जीएसटी काउंसिल ने इस बढ़ोतरी को फिलहाल टाल दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई जीएसटी काउंसिल की बैठक में इस पर फैसला लिया गया। अगर कोई पेमेंट करने के लिए ज्यादातर डेबिट या फिर क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करता है तो आज से इसके नियम बदल गए हैं। रिजर्व बैंक ने ये नियम ऑनलाइन पेमेंट को और ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए लागू किए हैं। अब ऑनलाइन पेमेंट करते वक्त डेबिट या क्रेडिट कार्ड का पूरा नंबर हर बार डालना होगा। कोई भी वेबसाइट, ऑनलाइन शॉपिंग या मोबाइल एप कार्ड डिटेल सेव नहीं कर सकेंगे।
