टिकरी बॉर्डर पर धरना स्थल से लौट रहे पंजाब के दो किसानों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत
हरियाणा के हिसार जिले में शनिवार को टिकरी बॉर्डर पर धरना स्थल से लौट रहे पंजाब के दो किसानों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखदेव सिंह और अजयप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिनकी आयु क्रमश: 40 वर्ष और 32 वर्ष है। ये मुक्तसर जिले के गिद्दड़बाहा के अस्सा बुट्टर गांव के रहने वाले थे। वहीं, हादसे में एक युवक घायल हो गया, जिसकी पहचान रघबीर सिंह के रूप में हुई है। ये लोग धरना स्थल से ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान शनिवार सुबह करीब 5 बजे एक कैंटर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। मृतक अन्य लोगों के साथ गुरुवार को टिकरी बॉर्डर पर गए थे। बता दें कि तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने और केंद्र सरकार की ओर से किसानों की अन्य मांग मान लिए जाने के बाद संयुक्त किसान मोर्च ने किसान आंदोलन को स्थगित करने का एलान कर दिया था।
