दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू, 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुले नर्सरी से 8वीं कक्षा के स्कूल
राजधानी दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जिसके चलते डेढ़ साल बाद पहली नवंबर यानि आज फिर से सभी स्कूल, कॉलेज खोले जाएंगे। हालांकि स्कूलों को ध्यान रखना होगा कि एक बार में 50 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति ना हो। यह निर्णय देश में कोरोना के कम हो रहे मामलों को देखते हुए लिया गया है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आज से सभी कक्षाओं के लिए स्कूल और कॉलेज खुलने के मद्देनजर दिशानिर्देश जारी किए हैं। जिसमें कहा गया कि स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कक्षाएं ‘हाइब्रिड’ तरीके से चलाई जाए, जिसका मतलब है कि ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन कक्षाएं भी जारी रहेंगी। स्कूल खुलने पर किसी भी पेरेंट्स को अपने बच्चे को स्कूल भेजने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। साथ ही स्कूल सुनिश्चित करेगा कि उसके सारे स्टाफ को वैक्सीन लग चुकी हो। बता दें कि प्रदेश में करीब 98 फीसदी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी टीके की कम से कम एक खुराक ले चुके हैं। इसके अलावा आज से ही सिनेमाघरों को पूरे क्षमता से खोले जाने की घोषणा भी की गई है। दिल्ली में 100 प्रतिशत सीटिंग कैपेसिटी के साथ सिनेमाघर, थियेटर और मल्टीप्लेक्स खुल सकेंगे। इससे पहले सिनेमाघरों को सिर्फ 50 प्रतिशत सीटिंग कैपेसिटी के साथ ही खुलने की इजाजत थी। इससे पहले अभी तक शादी समारोह में 100 लोगों के शामिल होने की अनुमति थी। लेकिन नए दिशानिर्देश के अनुसार शादी समारोह या किसी गैदरिंग में 200 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी गई है।
