देशभर में मौसम ने ली करवट, हिमाचल प्रदेश में हुई सीज़न की पहली बर्फ़बारी
देशभर में बीते कुछ दिनों से हो रही मुसीबत की बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने 11 अक्टूबर को भी कई राज्यों में बारिश होने का अनुमान लगाया है। यानी आज भी लोगों को बारिश से राहत नहीं मिलती दिख रही है। अक्टूबर के महीने में जम्मू-कश्मीर से लेकर तमिलनाडु तक लोग बारिश की वजह से परेशानियों का सामना कर रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एनसीआर, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, अंडमान, निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में जबरदस्त बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का ये दौर आज भी जारी रहेगा। यूपी में कई लोगों के मौत की खबर भी सामने आई है। किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ा है।
वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब हो गया है। प्रदेश के सभी इलाकों में बारिश हो रही है। लाहौल स्पीति के लोसर में ताजा बर्फबारी हुई है। कांगड़ा की धौलाधार की पहाड़ियां भी अक्टूबर माह में ही बर्फबारी से सफेद हो गई है। बर्फबारी से कोक्सर लोसर काजा राजमार्ग वाहनों की गतिविधि के लिए बन्द हो गया है। समूचे हिमाचल में हो रही बारिश व ऊँची चोटियों में बर्फबारी से समूचा प्रदेश शीत लहर की चपेट में आ गया है। फिलहाल मौसम विभाग ने आज सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक येल्लो अलर्ट जारी किया है।
