शीतलहर की चपेट में पूरा उत्तर भारत, पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू, कहीं माइनस पहुंचा तापमान
इस वक्त पूरा उत्तर भारत जबरदस्त शीतलहर की चपेट में है। पहाड़ों पर तो बर्फबारी शुरू हो गई है। राजस्थान में कई जगहों पर पारा माइनस में चला गया है। फतेहपुर शेखावटी में तो पहली बार तापमान माइनस 5.2 हो गया, जिसके बाद पानी बर्फ में तब्दील हो गया। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में ठंड के और भी नए रिकॉर्ड बन सकते हैं। राजधानी दिल्ली में जहां ठंड का रिकॉर्ड टूट गया है। वहीं पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी और एमपी के कुछ हिस्सों समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में शीतलहर जारी है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों हर्षिल, झाला सुखी टॉप, मुखवा धराली समेत गंगोत्री में सुबह और शाम का पारा माइनस 0 डिग्री से नीचे पहुंच गया। पानी के पाइपों में बर्फ जमी नजर आई।
