अब कांग्रेस में नहीं रहूंगा, ऐसा बर्ताव बर्दाश्त नहीं : कैप्टन अमरिंदर सिंह
पंजाब में जारी घमासान के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़ने की बात साफ कर दी है। पंजाब में जारी राजनीतिक दंगल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बड़ा बयान दिया है, उन्होंने साफ कर दिया है कि वह अब कांग्रेस पार्टी में नहीं रहेंगे। अपनी स्थिति साफ करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस तरह का अपमान नहीं सह सकेंगे, जिस तरह से मेरे साथ बर्ताव किया गया है, वह ठीक नहीं है। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि वह अभी बीजेपी ज्वाइन नहीं कर रहे हैं। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि जिस तरह से विधायक दल की बैठक बुलाकर ऐन मौके पर मुझे जानकारी दी गई, मैंने तभी साफ कर दिया था कि मैं पद छोड़ रहा हूं। अमरिंदर सिंह ने कहा कि अगर किसी को मेरे ऊपर विश्वास नहीं है, तो मेरे रहने का क्या फायदा। नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह टीम प्लेयर नहीं हैं, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए टीम प्लेयर की जरूरत है। अमरिंदर सिंह ने इस बात को स्वीकारा कि पंजाब में कांग्रेस की लोकप्रियता घट रही है और आम आदमी पार्टी का ग्राफ ऊपर जा रहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब का चुनाव इस बार काफी अलग होगा, कांग्रेस-अकाली दल पहले से ही हैं और अब आम आदमी पार्टी भी वहां पर आगे बढ़ रही है।
