दिल्ली में बढ़ी सर्दी, रविवार को रहा सीज़न का सबसे ठंडा दिन
दिल्ली में रविवार को मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सुबह के समय पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहते हुए 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि शहर में अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आईएमडी के मुताबिक, सोमवार को भी इसी तरह के मौसम की संभावना है। उसने बताया कि सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्का कोहरा रह सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 24 और आठ सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस बीच दिल्ली में शाम सात बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 264 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। हरियाणा के फरीदाबाद में एक्यूआई 203 व गुरुग्राम में 213 और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 284 और नोएडा में 218 दर्ज किया गया। ये भी खराब श्रेणी की वायु गुणवत्ता में आता है।
