घणागुघाट में नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए शपथ समारोह आयोजित
ग्राम पंचायत घणागुघाट में नवनिर्वाचित प्रधान मधुबाला की अध्यक्षता में पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ समारोह आयोजित किया गया। एक भव्य समारोह में प्रधान सहित पुरानी पंचायत के सभी सदस्यों ने नए चुने गए सभी सदस्यों का स्वागत किया। पूर्व प्रधान धनीराम रघुवंशी ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान मधुबाला, उप प्रधान प्रवीण कुमार, बीडीसी मेंबर दीपिका तथा सभी सदस्यों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दी तदुपरांत नए सदस्यों को प्रधान मधुबाला ने गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले नए पंचायत सदस्यों में देवी चंद कुलदीप कुमार, धर्मपाल, सोनिया देवी, कुसुम लता, उमावती, सावित्री देवी इत्यादि उपस्थित रहे।
पंचायत प्रधान मधुबाला ने प्राथमिकता के आधार पर पंचायत के विकास कार्यों में अपना योगदान देने की बात कही। उन्होंने पुरानी पंचायत के सभी सदस्यों को सम्मानित कर विदा किया। शपथ समारोह में पूर्व उप प्रधान रतन चंद, बीडीसी मेंबर हीरा पाल व सभी पुराने वार्ड मेंबर तथा पंचायत सचिव बलदेव ठाकुर उपस्थित रहे।
