टोक्यो ओलंपिक्स : तीरंदाजी और बेडमिंटन के बाद अब टेनिस में भी भारत के हाथ लगी निराशा
टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए चौथा दिन बेहद खास है। मनिका बत्रा, सुमित नागल और अंगद वीर सिंह बाजवा के अलावा कई भारतीय एथलीट अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक के लिए अपनी किस्मत आजमाएंगे। पढ़िए लाइव अपडेट...
फेंसिंग में सीए भवानी का जोरदार प्रदर्शन
टोक्यो ओलंपिक के चौथे दिन भारत ने जीत के साथ शुरुआत की। महिलाओं की फेंसिंग की व्यक्तिगत स्पर्धा में भवानी ने ट्यूनीशिय की बेन अजीजी नादिया को मात दी। इस दौरान भारत की सीए भवानी के आगे ट्यूनीशियाई प्रतिद्वंदी टिक न सकी।
क्वार्टर फाइनल में पहुंची भारतीय तीरंदाजी टीम
भारतीय तीरंदाजी टीम ने आज जीत के साथ शुरुआत की। अतनु दास, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव की टीम ने कजाखस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला कोरिया से होगा।। इस भारतीय तिकड़ी ने कजाखस्तान के इलफात अब्दुललिन, डेनिस गैनकिन और सैंजार मुसायेव को 55-54, 52-51, 56-57, 55-54 से मात दी।
तीसरे दौर में पहुंचे शरत कमल
टेबल टेनिस की पुरुषों की एकल स्पर्धा में भारत के शरत कमल ने कमाल कर दिया। उन्होंने दूसरे राउंड में पुर्तगाल के टियागो अपोलोनिया को हराकर तीसरे दौर में जगह बना ली। छठे गेम में एक समय स्कोर 9-9 से बराबर होने के बाद शरत कमल ने अगले दो अंक हासिल किए और 4-3 से मुकाबला जीतकर तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
तलवारबाजी में सीए भवानी की हार
पहले मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली भारतीय तलवारबाज सीए भवानी को अगले दौर में हार का सामना करना पड़ा। भवानी को दुनिया की नंबर 4 फ्रांस की मानोन ब्रूनेट ने शिकस्त दी। इस हार के बाद टोक्यो ओलंपिक में सीए भवानी का सफर थम गया।
सुर्तिथा मुखर्जी टोक्यो ओलंपिक से बाहर
भारत की टेबल टेनिस खिलाड़ी सुर्तिथा मुखर्जी को महिलाओं की एकल स्पर्धा के दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। दूसरे राउंड में सुर्तिथा को पुर्तगाल की खिलाड़ी फु यु ने सीधे सेटों में 3-11, 3-11, 5-11, 5-11 से शिकस्त दी। इस हार के बाद भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी सुर्तिथा का सफर टोक्यो ओलंपिक में खत्म हो गया।
साई प्रणीत टोक्यो ओलंपिक से बाहर
भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी साई प्रणीत टोक्यो ओलंपिक से बाहर हो गए हैं। 2019 विश्व चैंपियनशिप को कांस्य पदक विजेता प्रणीत पुरुष सिंगल्स के नॉकआउट के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके। इस मैच में इस्राइल के मिशा जिल्बरमैन ने सीधे गेम में हरा दिया।
सेलिंग में 20वें स्थान पर रहे विष्णु वर्धन
सेलिंग की लेजर स्टैंडर्ज रेस 2 स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ी विष्णु वर्धन कुछ खास नहीं कर पाए और वह 20वें नंबर पर है। जूरी ने एक घटना के चलते इस दौरान उन पर दो बार जुर्माना भी लगाया।
सात्विक-चिराग की जोड़ी हारी
टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन स्पर्धा के डबल्स मुकाबले में सात्विक रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। इस भारतीय जोड़ी को दुनिया की नंबर 1 इंडोनेशिया की मार्कस और कोविन कि जोड़ी ने मात दी। उन्होंने इस भारतीय जोड़ी को 21-13 और 21-12 से हराया।
भारतीय तीरंदाजी टीम क्वार्टर फाइनल में हारी
टोक्यो ओलंपिक के चौथे दिन भारतीय तीरंदाजी टीम ने जीत के साथ शुरुआत की। उसके बाद क्वार्टर फाइनल में अतनुदास, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव वाली भारतीय टीम का मुकाबला कोरिया से हुआ। कोरिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया को 6-0 से हरा दिया। इस हार के बाद भारत की पुरुष तीरंदाजी टीम इंवेट में चुनौती समाप्त हो गई।
निशानेबाजी में निराशा
मेराज अहमद खान और अंगद वीर सिंह बाजवा मैंस स्कीट स्पर्धा में क्वालीफाई करने से चूक गए हैं। टोक्यो में निशानेबाजों का खराब प्रदर्शन लगातार जारी रहा। भारत को इस स्पर्धा में पदक की उम्मीद थी लेकिन निराशा हाथ लगी।
सुमित नागल हारे
टोक्यो ओलंपिक में चौथे दिन भारत का लगातार निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। अब भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल टेनिस की पुरुषों की एकल स्पर्धा से बाहर हो गए हैं। सुमित को रूस के टेनिस खिलाड़ी डेनिल मेदवेदेव ने सीधे सेटों में 6-2, 6-1 से शिकस्त दी।