टोक्यो ओलंपिक का आज पांचवां दिन, भारतीय निशानेबाज फेल
टोक्यो ओलंपिक का आज पांचवां दिन है। भारत की तरफ से निशानेबाजी, हॉकी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, सेलिंग, बॉक्सिंग सहित कई स्पर्धाओं में भारतीय एथलीट अपनी चुनौती पेश करेंगे। चौथा दिन भारत के लिए काफी निराशाजनक रहा था। पढ़िए टोक्यो ओलंपिक्स से जुड़े सभी अपडेट.....
दूसरे दौर में हारी मनु-सौरभ की जोड़ी
पहले दौर में शानदार जीत दर्ज करने वाली सौरभ चौधरी और मनु भाकर की टीम को क्वालीफायर के दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। दूसरे दौर में मनु भाकर लय में नजर नहीं आईं और उनका स्कोर 186 रहा। इस दौरान सौरभ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 194 अंक अर्जित किए। लेकिन यह सब क्वालीफाई करने के लिए काफी नहीं था। इस तरह 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा की मिश्रित टीम इवेंट में भारत की चुनौती समाप्त हो गई।
हॉकी में भारत ने स्पेन की 3-0 से पीटा
टोक्यो ओलंपिक में आज भारत ने अपने तीसरे मैच में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए स्पेन को 3-0 से हरा दिया। पूरे मैच के दौरान भारतीय टीम छाई रही। तेज आक्रमण और मजबूत रक्षा पंक्ति के आगेे स्पेन की एक न चली। भारत की तरफ से रूपिंदर पाल ने दो गोल दागे जबकि एक गोल सिमरनजीत ने किया। इससे पहले भारत को दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7-1 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था जबकि अपने पहले मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को पटखनी दी थी।
टोक्यो ओलंपिक से बाहर शरत कमल
टोक्यो ओलंपिक में टेबल टेनिस में भारत को तगड़ा झटका लगा है। भारतीय खिलाड़ी शरत कमल को तीसरे राउंड में हार का सामना करना पड़ा। मैच के दौरान चीनी खिलाड़ी मा लांग को शरत ने कड़ी चुनौती दी। लेकिन बाद में मा लांग ने अपने अनुभव और जोरदार खेल के जरिए शरत कमल को 7-11, 11-8, 11-13, 4-11, 4-11 से हराने में सफल रहे। इस हार के बाद शरत कमल टोक्यो ओलंपिक से बाहर हो गए हैं।
सात्विक-चिराग की जोड़ी बाहर
बैडमिंटन की डबल्स स्पर्धा में भारत को झटका लगा है। यह जोड़ी जीतने बावजूद अगले दौर में नहीं पहुंच सकी। भारतीय जोड़ी साईराज रैंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी 21-17, 21-19 से जीती। उन्होंने ब्रिटेन के बेन लेन और सीन वेंडी की जोड़ी को सीधे सेटों में हराया। लेकिन यह क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए काफी नहीं था। क्योंकि चीनी ताइपे ने इस स्पर्धा में इंडोनेशिया पर गेम के आधार पर भारी अंतर से जीत दर्ज की थी। इसी वजह के चलते भारत क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहा।
फिर निशानेबाजों ने किया निराश
टोक्यो ओलंपिक में एक बार फिर भारतीय निशानेबाज कुछ खास नहीं कर पाए। 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड इवेंट में इलावेनिल वालारिवन और दिव्यांश सिंह पंवार की जोड़ी, अंजुम मोदगिल और दीपक कुमार की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। दिव्यांश और इलावेनिल की जोड़ी ने 626.5 का स्कोर किया और वह 12वें स्थान पर रही। वहीं दीपक और अंजुम की जोड़ी ने 623.8 का स्कोर किया और वह 18वें नंबर पर रही।