टोक्यो ओलंपिक: तीरंदाजी के क्वार्टर फाइनल में पहुंची दीपिका कुमारी, पदक की ओर बढ़ाया एक और कदम
दुनिया की नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी ने पूर्व विश्व चैम्पियन रूसी ओलंपिक समिति की सेनिया पेरोवा को रोमांचक शूट आफ में हराकर टोक्यो ओलंपिक महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। पांच सेटों के बाद स्कोर 5-5 से बराबरी पर था। दीपिका ने दबाव का बखूबी सामना करते हुए शूटआफ में परफेक्ट 10 स्कोर किया और रियो ओलंपिक की टीम रजत पदक विजेता को हराया। एक तीर के शूटआफ में शुरूआत करते हुए रूसी तीरंदाज दबाव में आ गई और सात ही स्कोर कर सकी जबकि दीपिका ने दस स्कोर करके मुकाबला 6-5 से जीता।
दीपिका की 2017 विश्व चैम्पियन के खिलाफ तीन मैचों में यह पहली जीत है। तीसरी बार ओलंपिक खेल रही दीपिका ओलंपिक तीरंदाजी स्पर्धा के अंतिम आठ में पहुंचने वाली पहली भारतीय तीरंदाज बन गई है। क्वार्टर फाइनल में दीपिका का सामना कोरिया की अन सान से होगा जिसने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जापान की रेन हायाकावा को 6-4 से हराया। रैंकिंग दौर में कोरिया की सान ने 25 साल पुराना ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़कर आखिरी तीन तीर पर परफेक्ट 10 स्कोर किया था। दीपिका और अन सान का सामना इसी जगह पर टोक्यो 2020 टेस्ट टूर्नामेंट में 2019 में हुआ था लेकिन भारतीय खिलाड़ी को पराजय का सामना करना पड़ा था।