कांस्य पदक के मुकाबले में ब्रिटेन से हारी भारतीय महिला हॉकी टीम
इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम का पहला ओलंपिक पदक जीतने का सपना अधूरा रह गया। आज ओलंपिक के कांस्य पदक के मुकाबले में ब्रिटेन ने महिला हॉकी टीम को 4-3 से हरा दिया। इस हार के बाद पूरे देश में निराशा की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा है कि हम महिला हॉकी में एक पदक से चूक गए, लेकिन यह टीम न्यू इंडिया की भावना को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, ‘’हम महिला हॉकी में एक पदक से चूक गए, लेकिन यह टीम न्यू इंडिया की भावना को दर्शाती है, जहां हम अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं और नए मोर्चे बनाते हैं. इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि ओलंपिक्स में टीम की सफलता भारत की युवा बेटियों को हॉकी को अपनाने और इसमें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। इस टीम पर गर्व है। ’’
बता दें कि भारतीय टीम ने पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचकर पहले ही इतिहास रच दिया था, लेकिन 2016 रियो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता ब्रिटेन को हरा नहीं सकी, जिससे कांस्य के करीब आकर चूक गई।