सुजानपुर : आजादी के अमृत महोत्सव पर भाजयुमो ने किया तिरंगा यात्रा का आयोजन

अनूप। सुजानपुर
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में आजादी के अमृत महोत्सव पर भाजयुमो सुजानपुर द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने इसे तिरंगा यात्रा को हरी झंडी देकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा की अगुवाई भाजयुमो अध्यक्ष कपिल मोहन शामा द्वारा की गई।टोनी देवी से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा कोट, कुठेड़ा, चबूतरा, पटलांदर होकर चोरी तक लोगों को जागृत करते हुए निकाली गई। भारत माता की जय ,वंदे मातरम के उद्घोष के साथ शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा विधानसभा क्षेत्र में घूमती हुई जहां से शुरू हुई थी। वहीं, पर संपन्न हुई। इस तिरंगा यात्रा में दो पहिया वाहनों के साथ-साथ गाड़ियों में सवार होकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा पकड़ तिरंगा यात्रा की अगुवाई की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। हिमाचल भाजपा द्वारा इस आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं, जो बीते 8 अगस्त से शुरू हुए हैं और आगामी अगस्त माह के अंत तक चलेंगे।
इस दौरान स्वच्छता अभियान जागरूकता रैलियां तिरंगा यात्रा कार्यक्रम प्रतियोगिताएं खेल आयोजन तमाम कार्य किए जा रहे हैं। विशेष रूप से हर घर, हर व्यापारिक प्रतिष्ठान, हर स्थान पर तिरंगा लहराया जाए। आजादी के इस अमृत महोत्सव का हर कोई आनंद उठाएं, इसको लेकर विशेष अभियान चलाया गया है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने इस तिरंगा यात्रा को हरी झंडी देकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आजादी बलिदान त्याग और कुर्बानियां देकर प्राप्त हुई है। आजादी का अमृत महोत्सव देश के साथ साथ पूरा विश्व मना रहा है। हर घर तिरंगा लहराया जाए।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में युवा मोर्चा द्वारा यह तिरंगा यात्रा निकाली गई है, जो पूरे विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण करके आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का संकल्प लेकर लोगों को जागृत कर रही है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विरेंद्र ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष विक्रम राणा व मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर सहित विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।