दाड़लाघाट : विजयदशमी के मौके पर संघ ने मनाया स्थापना दिवस
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
दाड़लाघाट में विजयदशमी के मौके पर संघ का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर विशेष अतिथि के तौर पर सहायक प्रबंधन अभियंता अंबुजा ललित गर्ग मौजूद रहे। इस दौरान संघ के कार्यकर्ताओं ने शस्त्र पूजन तथा पथ संचलन कर यह दिवस मनाया।ललित गर्ग ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा में जीवन यापन करने की प्रेरणा दी। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को देश तथा समाज के प्रति संघ की जिम्मेदारियों से अवगत करवाया। इस कार्यक्रम में मुख्यवक्ता जिला दाड़लाघाट के प्रचारक राजीव रहे।उन्होंने सर्वप्रथम नगर संघचालक राम चन्द्र के साथ मिलकर शस्त्र पूजन किया और भारत माता के चित्र व वीर महापुरुषों के चित्र पर पुष्पार्पण किया। उन्होंने डॉ. हेडगेवार के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस तरह डॉक्टर साहब ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा करते हुए आहूत किया।
उन्होंने जब 1925 में संघ की स्थापना की थी, तो मात्र 17 सदस्य थे और आज संघ एक विशाल बरगद के पेड़ की तरह बन चुका है, जो कि दुनिया का सबसे बड़ा एवं अनुशासित संगठन है। इस दौरान सरस्वती विद्या मंदिर पाठशाला के खेल प्रांगण से दाड़लाघाट बाजार से होते हुए आईटीआई तक पूर्ण गणवेश के साथ कदम से कदम मिलाकर सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पथ संचलन करते हुऐ समाज मे राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। संचलन में शामिल होने के लिए स्वयंसेवक दूर-दराज के क्षेत्राें से सुबह ही दाड़लाघाट नगर पहुंच गए। सभी स्वयंसेवकों ने इस वार्षिकोत्सव को बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाया। ये संचलन अंत में इसी पाठशाला के खेल प्रांगण में संपन्न हुआ।
