बाबा कांशी राम राजकीय महाविद्यालय डाडा सीबा में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
डाडा सीबा, 2 जुलाई: बाबा कांशी राम राजकीय महाविद्यालय, डाडा सीबा में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रजनी संख्यान ने दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में प्राचार्या प्रो. रजनी संख्यान ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण एवं मेहनत के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विभिन्न संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं और अपने-अपने विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। सहायक प्राध्यापक जतिंदर कुमार, सहायक प्राध्यापक दविंदर सिंह, डॉ. राम पाल, सहायक प्राध्यापक खेम चंद, सहायक प्राध्यापक शीतल, सहायक प्राध्यापक पलक सिंह तथा सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष अंजना कुमारी ने विद्यार्थियों को विभागों, पाठ्यक्रमों, अध्ययन पद्धति, पुस्तकालय सुविधाओं तथा महाविद्यालय में उपलब्ध अन्य आवश्यक सेवाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना, उन्हें संस्थान की कार्यप्रणाली की जानकारी देना तथा उनके भीतर आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नई शैक्षणिक यात्रा के प्रति उत्साह का संचार करना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अपने लिए अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताया।
