बद्दी: अमरावती अपार्टमेंट में पार्किंग की सुविधा न होने के कारण लोग परेशान
नगर परिषद बद्दी के हाऊसिंग बोर्ड फेस-3 स्थित अमरावती अपार्टमेंट में मूलभूत सुविधाएं न मिलने के कारण लोगों में काफी रोष व्याप्त है। वीरवार को लोगों का एक प्रतिधिमंडल अपनी समस्याओं को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला चौधरी को मिला व उनको अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। अमरावती अपार्टमेंट के निवासी स्वर्ण ठाकुर, दीना नाथ शर्मा, मनोज कुमार, राज कुमार शर्मा, संतोष राणा, रणजीत सिंह, अजय ठाकुर, पंकज ठाकुर, राजेश कुमार, सुरेश कुमार, विकास कुमार व अन्य लोगों का कहना है कि अमरावती सोसायटी में करीबन 1200 से 1400 परिवार रहते हैं। यहां पर पार्किंग की सुविधा न होने के चलते लोगों को अपने वाहन सोसायटी रोड पर सड़क पर ही खडे करने पडते हैं, जिससे हर रोज गाड़ी निकालने के चक्कर में कोई न कोई झगड़ा होता रहता है।
इस सोसायटी में पिछले 15 साल से कंस्ट्रक्शन के कार्य चल रहे हैं। जिससे जगह-जगह धूल मिट्टी होने के कारण बच्चों व बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उपरोक्त लोगों का कहना है कि यहां पर बिल्डरों के द्वारा नई कंस्ट्रक्षन का काम तो शुरू कर दिया जा है लेकिन यहां के लोगों जो मूलभूत सुविधाएं चाहिए व भी उनको नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बडी समस्या गाडिय़ों को पार्क करने की है, जिसको लेकर आज तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने मांग की है कि सोसायटी के अंदर होने वाली कंस्ट्रक्शन के कार्य को बंद करवाया जाए और सोसायटी के अंदर खाली पड़ी जगहों पर पार्क व पार्किंग स्थल बनाकर इसको विकसित किया जाए, जिससे आम लोगों को इसका लाभ मिल सके। इस बारे नगर परिषद बद्दी की अध्यक्ष उर्मिला चौधरी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह समस्या उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लोगों की इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
