मंडी में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 22 पेटियां बरामद
मंडी जिले के करसोग उपमंडल में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नांज (पुराना) क्षेत्र से अवैध शराब की 22 पेटियां बरामद की हैं। इस अचानक हुई रेड से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, करसोग पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि नांज क्षेत्र में अवैध शराब का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रणनीति बनाकर मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान एक शेड से 22 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही सील कर कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस ने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी करसोग चांद किशोर ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में अवैध शराब या किसी भी प्रकार के नशे का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अवैध कारोबारियों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस कदम की सराहना की है।
