शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, चिट्टा तस्करी का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
जिला पुलिस शिमला द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चंडीगढ़ से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कुमारसेन थाना में अभियोग संख्या 20/2026, दिनांक 12 मार्च 2026 को ND&PS Act की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस दौरान पुलिस ने 12.36 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। प्रारंभिक कार्रवाई में तीन आरोपियों राहुल लारजु (27 वर्ष) निवासी गांव व डाकघर बौन्डा, तहसील रामपुर, जिला शिमला (हि.प्र.), शुभम खन्ना (31 वर्ष) निवासी गांव ढेऊ, डाकघर सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला (हि.प्र.), विकास मिन्ज (26 वर्ष) निवासी तेलीगाना मंगपदा, डाकघर विरानगटोली, तहसील कुटरा, जिला सुन्दरगढ़, ओडिशा को गिरफ्तार किया गया था।
मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज की पड़ताल करते हुए नशे की आपूर्ति श्रृंखला का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर संजय उर्फ गांजी, निवासी मौली जागरा कॉम्प्लेक्स, चंडीगढ़ है। जिला पुलिस शिमला की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है तथा मामले की जांच आगे भी जारी है।
