राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे पर 6 घंटे बंद रहेगा नयना देवी मंदिर, 500 जवान संभालेंगे सुरक्षा
बिलासपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 6 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर दौरे पर आएंगी। अपने दौरे के दौरान वह श्री नयना देवी मंदिर में दर्शन करेंगी और इसके बाद एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति के मंदिर दौरे को देखते हुए 6 अक्तूबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दर्शन बंद रहेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे उस दिन दर्शन करना चाहते हैं तो सुबह 7 बजे से पहले मंदिर पहुंच जाएं। दोपहर 1 बजे के बाद दर्शन सामान्य रूप से शुरू कर दिए जाएंगे।
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी, अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। नयना देवी मंदिर और एम्स परिसर को सुरक्षा के लिहाज से अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। दोनों स्थानों को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है।
राष्ट्रपति आनंदपुर साहिब से सड़क मार्ग के जरिए श्री नयना देवी पहुंचेंगी। दर्शन के बाद वह एम्स बिलासपुर जाएंगी, जहां संस्थान के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद उनके मनाली रवाना होने का कार्यक्रम है।
सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासन ने यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और आपातकालीन सेवाओं के भी विशेष इंतजाम किए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भी तैनात रखने की तैयारी है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरे रूट की लगातार निगरानी कर रही हैं।
