डॉ बिंदल ने सम्मानित किये बेटी है अनमोल योजना के लाभार्थी
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सशक्त बनाने के लिए कार्यरत है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए लिंगानुपात में समानता लाने के लिए विशेष कार्य किया जा रहा है।
डाॅ. बिंदल दून विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला में आयोजित जनमंच में बेटी है अनमोल लाभार्थियों को सम्मानित करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बेटी जन्मोत्सव के तहत कन्या शिशुओं को भी सम्मानित किया।
डाॅ. बिंदल ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ हस्ताक्षर अभियान पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए।
उन्होंने ‘एक बूटा बेटी के नाम’ योजना के तहत बेहड़े का पौधा भी रोपा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार शिशुकाल से ही लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित बना रही है। विभिन्न योजनाओं के तहत उन्हें लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कन्या शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है क्योंकि एक सुशिक्षित कन्या ही दो परिवारों के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र को सही दिशा दिखा सकती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि लड़कियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करें।
उन्होंने इस अवसर पर शिशुओं का अन्न प्राशन्न संस्कार भी करवाया।
उन्होंने बेटी है अनमोल योजना के तहत इशिका सुपुत्री सरोज तथा रूकसाना सुपुत्री शमशाद बेगम को 12-12 हजार रुपये की एफडी प्रदान की। उन्होंने बेटी जन्मोत्सव के तहत कृतिका सुपुत्री कमला तथा खुशी सुपुत्री शालू को भी सम्मानित किया।
दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, दून की पूर्व विधायक विनोद चंदेल, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सैणी, गौ संवर्धन आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य डाॅ. श्रीकांत शर्मा एवं डीआर चंदेल, भाजपा मंडल दून के अध्यक्ष बलबीर ठाकुर, उपायुक्त सोलन केसी चमन, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अजय बंसल, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।