सोलन भाजयुमो के दो -दो मंडल अध्यक्ष !
** प्रदेश अध्यक्ष के गृह क्षेत्र में ही गुटबाजी हावी
गुटबाजी के चलते सोलन निर्वाचन क्षेत्र में लगातार शिकस्त झेली रही भाजपा की फिर किरकिरी हुई है। फिर सामने आ गया कि भाजपा में तालमेल का अभाव है। दरअसल
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष पद पर दो लोगों की नियुक्ति कर दी गई, एक नियुक्ति भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने की, तो एक मंडल अध्यक्ष ने। जी हाँ, भाजपा के मंडल अध्यक्ष ने भाजयुमो मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी। जबकि भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने भी मंडल अध्यक्ष बना दिया। लगता है सोलन भाजपा में कुछ भी मुमकिन है। निसंदेह मजबूत नेतृत्व की कमी और हावी गुटबाजी सोलन में भाजपा के लिए चुनौती बन चुकी है।
बता दें कि वीरवार को भाजयुमो जिला अध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर ने अमन को सोलन भाजयुमो का मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया जबकि भाजपा मण्डल अध्यक्ष मदन ठाकुर ने वैभव बनाल की बतौर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष नियुक्ति कर दी। अब इनमें से हभजयुमो का मंडल अध्यक्ष कौन है, ये सवाल बना हुआ है। किसकी नियुक्ति रद्द होती है ये देखना भी रोचक होगा। बहरहाल सोलन में एक बार फिर भाजपा विरुद्ध भाजपा की इस खींचतान में कांग्रेसी खूब चुटकी ले रहे है।
सनद रहे कि सोलन निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा लगातार तीन विधानसभा चुनाव हार चुकी है ।करीब ढाई साल पहले पार्टी सिंबल पर हुआ सोलन नगर निगम चुनाव भी भाजपा हारी थी। सोलन भाजपा में गुटबाजी और भीतरघात के आरोप लगते रहे है और पार्टी हारती आ रही है। विपक्ष में आने के बावजूद पार्टी में वो आक्रमकता नहीं दिख रही जिसके लिए भाजपा जानी जाती है। इस बीच इस नए सियासी घटनाक्रम ने भाजपा में खलबली मचा दी है। गौर करने लायक बात ये है कि सोलन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल का गृह क्षेत्र है । हालांकि बिंदल अब नाहन से चुनाव लड़ते है लेकिन सोलन से तीन बार विधायक रहे है खुद प्रदेश अध्यक्ष के गृह क्षेत्र में ही पार्टी की ये गुटबाजी बड़े सवाल खड़े करती है।