जयराम सरकार बोल बच्चनों की सरकार : कर्नल शांडिल
कर्नल धनीराम शांडिल को कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव मेनिफेस्टो कमिटी का चेयरमैन नियुक्त किया है। कर्नल वर्तमान में सोलन से विधायक है और दो बार शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद भी रह चुके है। 2012 में कर्नल शांडिल पहली बार विधायक बने थे और वीरभद्र सरकार में मंत्री भी रहे है। कर्नल शांडिल हिमाचल प्रदेश के पहले ऐसे नेता रहे है जिन्हें कांग्रेस वर्किंग कमिटी में शामिल किया गया था। अब शांडिल को पार्टी आलाकमान ने चुनाव मेनिफेस्टो तैयार करने का अहम जिम्मा सौंपा है। फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया ने कर्नल शांडिल के साथ विशेष बातचीत की, पेश है मुख्य अंश...
सवाल : प्रदेश कांग्रेस में व्यापक बदलाव हुए है। इसे लेकर आप क्या कहेंगे ?
जवाब : केंद्रीय नेतृत्व ने बहुत बढ़िया और संतुलित बदलाव किये है। कांग्रेस कलेक्टिव लीडरशिप में चुनाव में उतरेंगी और सत्ता में निसंदेह वापस लौटेगी। ऐसा नहीं है कि कुलदीप राठौर जी के नेतृत्व में पार्टी अच्छा नहीं कर रही थी। उन्हीं के नेतृत्व में हमने चार विधानसभा चुनाव जीते। पर कई मर्तबा बदलाव के साथ ऊर्जा भी आती है और ऐसे में मैं मानता हूँ ये बदलाव पार्टी को और मजबूत करेगा।
सवाल : टॉप लेवल पर तो बदलाव हो गया, क्या आप मानते है कि संगठन में जमीनी स्तर पर भी बदलाव होना चाहिए ?
जवाब : मैं मानता हूँ कि संगठन को मजबूत किये जाने की जरूरत है और इसके लिए यदि बदलाव आवश्यक है तो बदलाव सही। प्रतिभा सिंह जी के नेतृत्व में हमारा संगठन निश्चित तौर पर नई ऊर्जा और जोश के साथ काम करेगा। हम सब साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस शानदार जीत दर्ज करेगी।
सवाल : दशकों से वीरभद्र सिंह पार्टी का चेहरा रहे है। ऐसे में चुनाव में कांग्रेस का चेहरा कौन होगा ?
जवाब : हाथ का निशान चेहरा होगा और कलेक्टिव लीडरशिप में हम चुनाव लड़ेंगे। पार्टी आलाकमान और चुने हुए विधायक मुख्यमंत्री का चयन करेंगे। फिलहाल तो मैं इतना कह सकता हूँ कि हर नेता, हर कार्यकर्ता पूरी शिद्दत से पार्टी की सत्ता वापसी के लिए प्रतिबद्ध है। हम सब एक है और साथ में सब मजबूत है।
सवाल : आप मैनिफेस्टो कमिटी के चेयरमैन है। किन मुद्दों को शामिल किया जायेगा मैनिफेस्टो कमेटी में ?
जवाब : हम हर निर्वाचन क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों को इसमें शामिल करेंगे। हर वर्ग के मुद्दे इसमें शामिल होंगे, चाहे वो कर्मचारी हो, बागवान हो, महिलाएं हो, बुजुर्ग हो, युवा हो या कोई और। एक बात मैं और कहना चाहता हूँ, कांग्रेस सच की राजनीति करती है। हमारा मैनिफेस्टो भाजपा की तरह झूठ का पुलिंदा नहीं होगा, जो वादा करेंगे उसे पूरा भी करेंगे।
सवाल : आखिरी सवाल आपके अपने निर्वाचन क्षेत्र को लेकर है। चुनाव को लेकर कितने आश्वस्त है आप ?
जवाब : मंत्री रहते हुए मैंने 463 करोड़ के काम किये थे और उन्हीं के फीते अब तक भाजपाई काट कर अपना समय काट रहे है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी ने पहला शिलान्यास ट्रांसपोर्ट नगर का किया था, साढ़े चार साल में उनसे एक ईंट तक नहीं लगी। हमारे सरकार के कार्यकाल में शामती बाईपास का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो गया था, जो थोड़ा सा बचा था वो भी इनसे नहीं हो पाया। ये बोल बच्चनों की सरकार है और जनता इन्हें पहचान चुकी है। वर्तमान में भी मैंने हर ब्लॉक, हर पंचायत, हर गांव, हर वार्ड के विकास में हरसंभव सहयोग किया है। मैं दिखावे की राजनीति नहीं करता, जो मैंने किया है वो जनता देख रही है और निश्चित तौर पर फिर कांग्रेस विजयी होगी।