मैं राजा गुट से था इसलिए कटा टिकट, इस बार निराशा हाथ नहीं लगेगी : यदुपति
हिमाचल में सियासी पारा हाई है और हर राजनैतिक दल में टिकट के चाहवान प्रो एक्टिव। चाहवानों की इस कतार में कई युवा नेता भी शमिल है और इनमें से एक हैं प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर। विधानसभा चुनाव, युवा कांग्रेस की भागीदारी और सरकाघाट के मुद्दों को लेकर फर्स्ट वर्डिक्ट के लिए भावना शांडिल ने यदुपति ठाकुर से ख़ास चर्चा की। हर सवाल पर उन्होंने बेबाकी से अपनी राय रखी। ठाकुर ने कहा कि 2017 में उनका टिकट इसलिए कटा था क्यों कि तब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू थे और वे राजा गुट से हैं। साथ ही उन्होंने जयराम सरकार पर सरकाघाट से सौतेला व्यवहार करने का आरोप भी लगाया। पेश हैं इस बातचीत के मुख्य अंश ...
सवाल- इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने है, आप भी अपने गृह क्षेत्र सरकाघाट में काफी सक्रियता से काम करते दिख रहे है, क्या आप भी टिकट के चाहवान है ?
जवाब - राजनीति समाज सेवा का अभिन्न अंग है। मैंने 17 साल पूर्व राजनीति का सफर छात्र राजनीति से शुरू किया था। मैं एनएसयूआई के नेशनल बॉडी का अध्यक्ष भी रहा हूँ। आप अंदाजा लगा सकते है कि इस दौरान मैंने कितने उतार चढ़ाव देखे होंगे। मैंने हमेशा पार्टी संगठन को मजबूती देने की यथासंभव कोशिश की हैं और हर वक्त हम चट्टान की तरह पार्टी के साथ खड़े रहे। साथ ही आम जन से संवाद बनाये रखा, जरूरतमंद लोगों की सहायता की। इस कार्य को देखते हुए राहुल गान्धी जी ने हौंसला अफजाई की और सम्मान भी दिया। जहां तक आपका प्रश्न विधानसभा के चुनाव को लेकर है, मैं स्पष्ट रूप से कहता हूँ कि मैं चुनाव भी लड़ने का इच्छुक हूँ और पूर्ण रूप से तैयार भी। बीते बारह वर्षों से मैं अपने क्षेत्र के लोगों के हर सुख दुख में शामिल रहा हूँ और मुझे लगता है कि मैं टिकट के लिए योग्य हूँ। शेष, पार्टी आलाकमान तय करेगा, लेकिन मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस बार निराशा हाथ नहीं लगेगी।
सवाल- बीते दो चुनाव में सरकाघाट सीट पर भाजपा ही काबिज हुई है, हार का कारण क्या मानते है आप ?
जवाब - मैं बताना चाहूंगा कि 2017 के चुनाव में टिकट आवंटन सूची में मेरा भी नाम शामिल था लेकिन किसी कारणवश मेरा टिकट काट दिया गया। उस दौरान पीसीसी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू जी थे और हम स्वर्गीय राजा वीरभद्र गुट से आते थे, तो ऐसे में मेरा टिकट काट दिया गया। कांग्रेस से जिन्हें टिकट मिला हमने उनका भी भरपूर साथ दिया और चुनाव प्रचार में साथ रहे। दुर्भाग्यवश करीब दस हजार वोट से कांग्रेस पराजित हुई और इसके पीछे मुख्य कारण था प्रत्याशी की असक्रियता। मेरा मानना है कि अगर उस दौरान चेहरा दमदार होता तो निसंदेह सरकाघाट से कांग्रेस जीतती।
सवाल- बतौर युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष आपसे जानना चाहेंगे कि विधानसभा चुनाव में युवा कांग्रेस की क्या रणनीति रहेगी, जिससे कांग्रेस की सत्ता वापसी हो सके?
जवाब- युवा कांग्रेस हर गांव, हर बूथ पर पहुँच रही है और सदस्यता अभियान भी तेजी से चल रहा है। बहुत जल्द हम बेरोजगार युवाओं के समर्थन में सड़क पर उतरेंगे। प्रदेश का दौरा करेंगे। आप देखिये भाजपा की नीतियां जन विरोधी है, हर वर्ग आज परेशान है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नशा माफिया और कर्मचारी-बागवानों की हर समस्या को साधने में भाजपा पूर्ण रूप से फैल हो चुकी है। ना केवल कांग्रेस से जुड़े युवा बल्कि देश का हर युवा इन जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहा है। हम भी इन मुद्दों को लेकर आमजन के बीच जा रह हैं। आज प्रदेश सरकार कर्ज के तले दब चुकी है और इनका डबल इंजन खराब है। कोरोना काल से लेकर अब तक भाजपा सरकार ने हम सभी को ठगने का काम किया है, कर्ज लो और खुद ऐश करो की मंशा से यह काम कर रहे है। यही कारण है कि उपचुनाव में प्रदेश की प्रबुद्ध जनता ने इनकी अकड़ को सीधा किया और चारो सीट पर कांग्रेस को विजयी बनाया। स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में जितने भी प्रदेश के विकास कार्य हुए उनका श्रेय भाजपा के विधायक ले रहे है। सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में भी जनता इनको आइना दिखाएगी और शत प्रतिशत प्रदेश में कांग्रेस की दमदार सरकार बनेगी।
सवाल- आपके क्षेत्र में कांग्रेस उतनी सक्रिय नहीं दिखती या यूँ कहें एकजुट नहीं दिखती। इसका कारण मतभेद है या मनभेद ?
जवाब - देखिये आप सही कह रहे है सरकाघाट कांग्रेस उतनी एक्टिव नहीं है, लेकिन युवा कांग्रेस के बैनर तले हमने हर मुद्दे पर आवाज उठाई है, यथासंभव लोगों के बीच रहे है और जो कार्य एक पार्टी के कार्यकर्ता का होता है उसे बखूबी निभाया भी है। अब श्रीमती प्रतिभा सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान दी है और कांग्रेस पार्टी में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आने वाले समय में काफी बदलाव होंगे, और निश्चित तौर पर छंटनी भी होने की संभावना है। व्यक्तिगत तौर से मेरा प्रयास रहेगा की हम बूथ लेवल पर जाकर कांग्रेस को मजबूती प्रदान करें इसके लिए युवा कांग्रेस तैयार है।
सवाल- आप लगातार कहते रहे है कि सरकाघाट में विकास की गति थम गयी है, क्या तथ्य है आपके पास ?
जवाब - सरकाघाट की जनता भाजपा सरकार को माफ़ नहीं करेगी। मौजूदा विधायक प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल के गुट से आते थे और मुख्यमंत्री बने जयराम ठाकुर। अब ऐसे में इनकी गुटबाजी के चलते बीते चार साल में केवल एक बार ही मुख्यमंत्री हमारे क्षेत्र में आये है। मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र की उपेक्षा की हैं, सरकाघाट के साथ सौतेला व्यवहार हुआ हैं। जो गलती से कुछ एक घोषणाएं उन्होंने की हैं वे सभी स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की देन है, जिनका क्रेडिट यह लोग लेने की कोशिश करते है। भाजपा और भाजपाई केवल पट्टिकाओं की राजनीति करने में माहिर है, इनकी वजह से न विकास हो रहा है न प्रदेशवासियों का भला। आप ग्रामीण क्षेत्र में जा करा देखिए तो, ग्रामीण प्रवेश में रह रहे लोगों को तीन -तीन दिन बाद पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जो भी मटमैला और दूषित है। सड़कों की टारिंग की जाती है लेकिन हफ्ते के अंदर ही सड़क के टारिंग उखड़ जाती है, यह खानापूर्ति केवल इनके चेहते ठेकदारों को लाभ देने के लिए की जा रही है। जनता के पैसे का दुरूपयोग किया जा रहा है और जब कोई वर्ग अपनी मांगों को लेकर सरकार के पास जाता है तो उनके कहा जाता है की सरकार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। सरकाघाट की जनता शिक्षित भी है और इनके झूठे वादों से वाकिफ भी, अब भाजपा के जाने का समय आ चुका है।