आप के पास ऐसा कोई नहीं जिसका अपना वजूद हो- - विक्रमादित्य सिंह
हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और शांतिप्रिय राज्य है। हिमाचल के सवर्णीय विकास में हर एक व्यक्ति का अपनी भूमिका है अपना सहयोग है। हिमाचल में आम आदमी पार्टी के नेताओं का स्वागत है। वे हिमाचल के लोगों का विश्वास जीतें, हमें आपत्ति नहीं है, लेकिन यहां आकर हमारे नेताओं का अपमान करने की कोशिश करें उनका तिरस्कार करें तो यह बर्दाश्त नहीं होगा। किसी भी तरह की बयानबाजी करने से पहले हिमाचल का इतिहास पढ़ लें। यह बात विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बीते दिनों आप के रोड शो पर प्रतिक्रिया देते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार का अहम योगदान रहा है। हिमाचल आकर यह कहना कि पूर्व के नेताओं ने कोई कार्य नहीं किया है, इसकी निंदा करते हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी छोड़ कर आप में शामिल हो रहे कार्यकर्ताओं को लेकर विक्रमादित्य ने कहा कि आम आदमी पार्टी में हारे नेता शामिल हो रहे हैं। आप के पास ऐसा कोई चेहरा नहीं है, जिसका अपना कोई वजूद है, जिसका अपना जनाधार है। हिमाचल में केवल वीरभद्र सिंह मॉडल ही चलेगा। कांग्रेस ने प्रदेश का समान विकास करवाया है और आगे भी इसी तरह काम करेंगे। कांग्रेस के पास मजबूत नेतृत्व है और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेंगे, जीतेंगे और हिमाचल प्रदेश का विकास करवाएंगे।
