कण्डाघाट की 8 ग्राम पंचायतों में कल होगी वोटिंग
पंचायती राज संस्थाओं के लिए 21 जनवरी, 2021 को तृतीय एवं अन्तिम चरण में सोलन जिला के कण्डाघाट विकास खण्ड की 26 ग्राम पंचायतों में से 08 के लिए मतदान होगा। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन के.सी. चमन ने दी।
के.सी. चमन ने कहा कि तृतीय चरण में कण्डाघाट विकास खण्ड कि ग्राम पंचायत काहला, सायरी, सैंज, क्वारग, तुंदल, बांजणी, देलगी तथा दंघील में मतदान होगा।
उन्होंने कहा कि तृतीय चरण में कण्डाघाट विकास खण्ड की 08 ग्राम पंचायतों में लगभग 9206 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें लगभग 4725 पुरूष तथा 4481 महिलाएं हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायत काहला में लगभग 773 मतदाता हैं। इनमें 394 महिला तथा 379 पुरूष मतदाता हैं। ग्राम पंचायत सायरी में लगभग 1642 मतदाता हैं। इसमें पुरूष 834 तथा 808 महिला मतदाता हैं। ग्राम पंचायत सैंज में लगभग 848 मतदाता हैं। इनमें 441 पुरूष तथा 407 महिलाएं हैं। ग्राम पंचायत क्वारग में 717 पुरूषों तथा 672 महिलाओं के साथ लगभग 1389 मतदाता हैं। ग्राम पंचायत तुन्दल में लगभग 993 मतदाता हैं। इनमें 515 पुरूष तथा 478 महिलाएं हैं।
केसी चमन ने कहा कि ग्राम पंचायत बांजनी में लगभग 1119 मतदाता हैं। इनमें 575 पुरूष तथा 544 महिला मतदाता हैं। ग्राम पंचायत देलगी में लगभग 1187 मतदाताओं सहित 618 पुरूष तथा 569 महिला मतदाता हैं। ग्राम पंचायत दंघील में 646 पुरूष तथा 609 महिला मतदाताओं सहित लगभग 1255 मतदाता हैं।
उन्होंने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि लोकतन्त्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित बनाने और विकास प्रक्रिया में सत्त भागीदारी के लिए शत-प्रतिशत मतदान करें।