वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता आवश्यक : मलेंद्र राजन
डमटाल, 2 जुलाई: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने बुधवार को ग्राम पंचायत डमटाल में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की टीम के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम, हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अधिक से अधिक पौधारोपण करने, लगाए गए पौधों के संरक्षण को सुनिश्चित बनाने तथा वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाए। साथ ही ऐसे स्थानों की पहचान कर विशेष प्रबंधन किया जाए, जहां मिट्टी और धूल के कण अधिक मात्रा में उड़ते हैं, ताकि धूल प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से वायु प्रदूषण की समस्या का समाधान संभव नहीं है, बल्कि आमजन की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है।
बैठक में एनजीटी की टीम तथा वन विभाग के अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण नियंत्रण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के संबंध में अपने सुझाव साझा किए। अधिकारियों ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर पौधारोपण अभियान में सक्रिय सहयोग देने और अपने आसपास स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का आग्रह किया।
इस अवसर पर बीडीओ सुदर्शन सिंह, आरओ अब्दुल हामिद, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, ग्राम पंचायत डमटाल की प्रधान नीलम कुमारी, उपप्रधान सनी गोयल, वार्ड सदस्य राजेश कुमार, जगदीश, सतपाल, सुलिंदर और प्रदीप शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
